कटोरी बांग्ला में एसआईयू पुलिस की बड़ी सफलता, बोलेरो से 10.13 ग्राम चिट्टा बरामद

चंबा, 21 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बीती रात जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जिला चंबा के प्रवेश द्वार कटोरी बांग्ला में नाकाबंदी की गई थी इसी दौरान करीब पौने ग्यारह बजे पठानकोट से चंबा की ओर आ रही एचपी 81-2734 सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई।जानकारी के अनुसार, गाड़ी में एक युवक और युवती सवार थे । पुलिस दल को देखकर दोनों घबरा गए और स्थानीय होने का हवाला देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगे। हालांकि, एसआईयू टीम ने सख्ती बरतते हुए वाहन की गहन तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे से कुल 10.13 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई।पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उनकी पहचान 28 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव व डाकघर ब्रंगाल, तहसील सलूनी, जिला चंबा तथा 23 वर्षीय तमन्ना पत्नी नरेंद्र सिंह, निवासी गांव व डाकघर ब्रंगाल, तहसील सलूनी, जिला चंबा के रूप में हुई है।एसआईयू टीम द्वारा बरामद चिट्टे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों आरोपी नशा कहां से लाते थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे।इस मामले की पुष्टि डीएसपी योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह मुहिम और सख्ती के साथ जारी रहेगी।