खंड स्तरीय कला उत्सव में बलेरा स्कूल का दबदबा, जिला स्तर पर करेगा प्रतिनिधित्व

डलहौज़ी/चम्बा, 20 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौज़ी में आयोजित खंड स्तरीय कला उत्सव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता दर्ज करवाई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई पुरस्कार अपने नाम किए और जिला स्तर पर बनीखेत शिक्षा खंड का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया।अभिनय प्रतियोगिता में तन्वी ने अपने बेहतरीन अभिनय कौशल से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार, शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में जीविका ने अपनी लय, ताल और भावपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में स्नेहा ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रस्तुति के दम पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों से विद्यालय का मान बढ़ा है और बच्चों के आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।विद्यालय परिवार ने विजेता छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रधानाचार्य जगजीत आज़ाद ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी छात्राओं को प्रोत्साहित किया और आशा जताई कि वे वहाँ भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।प्रधानाचार्य ने इस सफलता का श्रेय विशेष रूप से भाषा अध्यापिका राम प्यारी, कला स्नातक नंदनी मैडम और प्रयोगशाला सहायक बबली देवी को दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयास और टीम वर्क की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं और बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया है कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाएगा।