राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में एचआईवी-एड्स जागरूकता रैली का हुआ आयोजन

डलहौजी/चम्बा, सितंबर 23 मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय बनीखेत की रेड रिबन क्लब इकाई की ओर से बीते कल एचआईवी-एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। यह रैली कॉलेज परिसर से आरंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए बस स्टैंड तक निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रैली के दौरान छात्रों ने हाथों में जागरूकता से जुड़ी तख्तियां और बैनर थामे नारे लगाए। उन्होंने आमजन से सुरक्षित जीवन शैली अपनाने और एचआईवी-एड्स से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकों और अधिकारियों ने भी रैली में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।रैली का नेतृत्व डॉ. मनोज कुमार और नोडल अधिकारी संजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी-एड्स आज भी समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इससे बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने युवाओं को इस विषय पर अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आग्रह किया।डॉ. मनोज कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि रेड रिबन क्लब का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और नशे से दूर रहने की दिशा में प्रेरित करना है। वहीं नोडल अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक एचआईवी-एड्स की सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है ताकि इस बीमारी से जुड़ी गलतफहमियों को समाप्त किया जा सके।

रैली के समापन पर कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।