जिला परिषद चंबा की बैठक में आपातकालीन प्रबंधन व जनहित के प्रस्ताव पारित

चंबा, 23 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला परिषद चंबा की महत्वपूर्ण बैठक आज परिषद भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष नीला कुमारी ने की। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला परिषद सदस्य ललित ठाकुर, पवन कुमार, मनोज कुमार, अनिल कुमार, भूषण दुर्गा देवी, संगीता नारायण, अंजना देवी, जनक देवी, शकुंतला देवी, अनीता देवी, अंबिका रेखा, अभिषेक कुमार, पंचम कुमार, अभिमन्यु चरवाहा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति, वन, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, आयुर्वेद, पशुपालन, उद्यान, ग्रामीण विकास विभाग आदि के अधिकारी भी शामिल हुए। विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित मुद्दों और योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें स्कूली लड़कियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिलाने, क्षेत्रीय अस्पतालों में आपातकालीन मरीजों का तुरंत इलाज सुनिश्चित करने तथा पांच माह से ऊपर के बच्चों के इलाज की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया। दुर्घटना से प्रभावित मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी बल दिया गया।

सत्र में वर्ष 2025 के लिए कुल 40,47,491,394 रुपये का आपातकालीन मद स्वीकृत किया गया। यह राशि जिला विकास अधिकारी कार्यालय चंबा के माध्यम से व्यय की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आपदा या आकस्मिक परिस्थितियों में प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत व मुआवजा उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभाग तुरंत कार्यवाही करेंगे।

जिला परिषद ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपातकालीन स्थितियों से निपटने में कोई लापरवाही न बरती जाए और राहत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सके।
