“आदि कर्मयोगी” अभियान को लेकर चंबा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित

“आदि कर्मयोगी” अभियान को लेकर चंबा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित

चंबा, 23 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला मुख्यालय चंबा में आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आदि कर्मयोगी अभियान के संबंध में जिला स्तरीय ओरिएंटेशन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान से जुड़ी प्रमुख जानकारियों से अवगत कराना तथा इसके सफल क्रियान्वयन हेतु उन्हें संवेदनशील बनाना रहा।

उपायुक्त रेपसवाल ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान जनजातीय क्षेत्रों में प्रशासनिक क्षमता और सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक परिवर्तनकारी पहल है। यह अभियान अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर प्रशासनिक दक्षता, नागरिक-केंद्रित सेवाओं और पारदर्शिता की ओर अग्रसर करेगा।

बैठक में जिला मास्टर ट्रेनर भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूर्व में शिमला में राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इन प्रशिक्षकों ने उपस्थित अधिकारियों को अभियान की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और अपेक्षित परिणामों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य फोकस शासन व्यवस्था के मानकों में सुधार, अग्रिम पंक्ति के अधिकारियों में सतत अधिगम की संस्कृति विकसित करने और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाने पर है।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिले के कुल 35 ब्लॉक मास्टर ट्रेनरों को आगामी चरण में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 29 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक डीआरडीए हॉल चंबा में आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर अभियान की गहन समझ विकसित की जाएगी ताकि इसे धरातल पर सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अर्थशास्त्री विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!