रामलीला मंचन के दौरान कलाकार को आया हार्ट अटैक, निधन से शोक की लहर

चंबा, 23 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में चल रही रामलीला के मंचन के दौरान एक दर्दनाक हादसा पेश आया। दशरथ की भूमिका निभा रहे अमरेश महाजन उर्फ शिवू महाजन को मंच पर ही अचानक हार्ट अटैक आ गया। उनकी तबीयत बिगड़ते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमरेश महाजन मंच पर अभिनय कर रहे थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और जिला चिकित्सा महाविद्यालय चंबा पहुंचाया।

लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।अमरेश महाजन के निधन की खबर मिलते ही पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। रामलीला समिति के पदाधिकारियों और उनके साथ मंच साझा करने वाले कलाकारों ने इसे बड़ी क्षति बताया। उनका कहना है कि शिवू महाजन लंबे समय से रामलीला से जुड़े हुए थे और हर वर्ष अपनी उत्कृष्ट भूमिका से दर्शकों का मन मोह लेते थे।स्थानीय लोगों ने बताया कि वे न केवल मंच के एक समर्पित कलाकार थे, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। उनके असामयिक निधन से न केवल सांस्कृतिक क्षेत्र को, बल्कि समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
