स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत डलहौज़ी में विशेष सफाई अभियान आयोजित

डलहौज़ी/चम्बा 25 सितम्बर मुकेश कुमार( गोल्डी )
स्वच्छ भारत मिशन को सशक्त बनाने और जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर परिषद डलहौज़ी, एस.डी.एम. कार्यालय डलहौज़ी और एयर स्टेशन मोटी टिब्बा डलहौज़ी के संयुक्त सहयोग से आज एक विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान एयरफोर्स स्टेशन मोती टिब्बा से लेकर गांधी चौक तक चलाया गया, जिसमें विभिन्न संस्थानों के कुल 75 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
अभियान में एयरफोर्स स्टेशन के अधिकारी और जवानों के साथ-साथ नगर परिषद कार्यालय डलहौज़ी के जे.ई.ई. श्री संजीव प्रकाश शर्मा अपने स्टाफ सहित, एस.डी.एम. कार्यालय के कर्मचारी, हिल्दारी डलहौज़ी टीम तथा हिमालयन नेचर क्लब एनजीओ के सदस्य भी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता का संदेश देते हुए सड़क मार्ग और सार्वजनिक स्थलों से कचरा एकत्रित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप कैप्टन रामकृष्ण मजुम्दार और एस.डी.एम. डलहौज़ी श्री अनिल भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अधिकारियों ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का मूल उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि स्वच्छ परिवेश न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस अभियान के दौरान लगभग 210 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया। प्रतिभागियों ने न केवल सफाई की बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक किया कि वे अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

यह अभियान डलहौज़ी शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।