आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के तहत बैठक आयोजित,स्वास्थ्य संकेतकों पर उत्कृष्ट कार्य हेतु उपायुक्त ने की सराहना

चंबा, 26 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में बीते कल राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बाल विकास, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेश और कौशल विकास से संबंधित विभिन्न मानक बिंदुओं (इंडिकेटर्स) की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रगतिशील जानकारी दृष्टिकोण (प्रोग्रेसिव इंफॉर्मेशन अप्रोच) को अपनाते हुए समयबद्ध तरीके से डेटा और उपलब्धियां साझा करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत हासिल की गई प्रगति का सीधा संबंध आमजन के जीवन स्तर में सुधार से है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सराहना करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच संबंधी संकेतकों पर उत्कृष्ट कार्य किया गया है। साथ ही कृषि और उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने वाले किसानों और बागवानों की सूची उपलब्ध करवाई जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विभागों से गत छह माह की अवधि में प्राप्त लक्ष्यों और उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत करने को भी कहा।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 64,605 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) वितरित किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने विकासखंड तीसा और पांगी की कार्यप्रगति की वर्चुअल समीक्षा भी की। उन्होंने पांगी के खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के चलते आवश्यक ऑनलाइन डेटा अपलोड का कार्य चंबा मुख्यालय से पूरा किया जाए।इसके अतिरिक्त, बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, शिक्षा, बाल विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े संकेतकों पर भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में एडीसी अमित मैहरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर, उपनिदेशक शिक्षा बलवीर सिंह, उपनिदेशक कृषि भूपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।