चंबा के युवाओं के लिए दिसंबर में होगा ट्रेकिंग गाइड प्रशिक्षण,10 अक्तूबर तक कर सकते हैं आवेदन

चंबा, 26 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन चंबा द्वारा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से दिसंबर 2025 में युवाओं के लिए ट्रेकिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर प्रदान करना है।इस कार्यक्रम में कुल 25 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को भरमौर स्थित पर्वतारोहण सब-सेंटर में 14 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है, जबकि संबंधित क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए 8वीं पास होना पर्याप्त होगा। साथ ही उम्मीदवार चंबा जिले का मूल निवासी एवं हिमाचली होना चाहिए।श्री मिश्रा ने बताया कि पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लेकिन औपचारिक प्रशिक्षण से वंचित युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित आवेदन पत्र भरकर 10 अक्तूबर 2025 तक जिला पर्यटन विकास कार्यालय, बचत भवन, चंबा में जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं या फिर वेबसाइट hpchamba.nic.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं।प्रशिक्षण के लिए गठित समिति द्वारा स्क्रीनिंग के बाद अंतिम रूप से 25 अभ्यर्थियों का चयन होगा। चयनित उम्मीदवारों को 1500 रुपये शुल्क बैंक ड्राफ्ट या पोस्टल ऑर्डर के माध्यम से जिला पर्यटन विकास अधिकारी, चंबा के पक्ष में जमा करना होगा। आवेदन पत्र के साथ दो पासपोर्ट आकार फोटो, शैक्षणिक और आयु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/राशन कार्ड अथवा अन्य पता प्रमाण, हिमाचली बोनाफाइड, अनुभव प्रमाणपत्र तथा एससी/एसटी/ओबीसी/बीपीएल प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य है।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला पर्यटन विकास कार्यालय, बचत भवन, चंबा से संपर्क कर सकते हैं।