नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त ने दिए निर्देश

नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त ने दिए निर्देश

चंबा, 26 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागीय अधिकारी कार्य योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि नशे के हॉटस्पॉट स्थलों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई की जाए।उपायुक्त आज जिला समन्वय समिति तथा नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि अक्टूबर माह तक सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाए।

उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग की सहभागिता से नशा विरोधी सामग्री तैयार करने हेतु एक समिति गठित करने के भी निर्देश दिए। विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए नशा छोड़ चुके युवाओं को ड्रग चैंपियन के रूप में शामिल करने पर भी जोर दिया गया।मुकेश रेपसवाल ने सभी एसडीएम को आदेश दिए कि 15 अक्तूबर तक तंबाकू उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत अपने-अपने क्षेत्र में सिगरेट, बीड़ी एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के खुदरा व्यापारियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खुली बीड़ी-सिगरेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए।उन्होंने उपमंडल भटियात में प्रस्तावित नशा मुक्ति केंद्र की आवश्यक मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी नूतन महाजन ने जानकारी दी कि जिले में 813 परिसरों का औचक निरीक्षण कर 1.65 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल, एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. करण हितेषी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे जबकि अन्य एसडीएम और डीएसपी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!