चंबा में 30 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक होगा ग्रामीण संवाद महोत्सव 2025 का आयोजन

चंबा, 27 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जिला मुख्यालय चंबा के हरदासपुरा पार्क में आगामी 30 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक तीन दिवसीय “ग्रामीण संवाद महोत्सव – 2025” का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में जिले के सभी विकास खंडों के स्वयं सहायता समूह (SHG) अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएंगे।जिला विकास अधिकारी तविंदर सिंह चिनोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक खानपान एवं स्थानीय महिला समूहों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनके कार्यों को व्यापक पहचान मिले। उन्होंने बताया कि इस दौरान पारंपरिक व्यंजनों की एक विशेष प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें भाग लेने वाले स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन विशेषज्ञों की समिति करेगी। प्रतियोगिता में तीन सर्वश्रेष्ठ समूहों को सम्मानित किया जाएगा।महोत्सव के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले महिला समूह अपने हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद और अन्य घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाएंगे। यह प्रदर्शनी न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में नए अवसर भी प्रदान करेगी।तविंदर सिंह चिनोरिया ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों से अपील की कि वे इस तीन दिवसीय महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेकर ग्रामीण संस्कृति को संजोने और बढ़ावा देने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण संवाद महोत्सव जिला चंबा की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।