हिमाचल में अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा खेप पकड़ी, बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता

बिलासपुर, 29 सितम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी दर्ज की है। जिला बिलासपुर के घुमारवीं थाना पुलिस दल ने सोमवार को बलोह टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से 518 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस ने मौके पर कार सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से कल्लू की ओर जा रही एक टेंपरेरी नंबर कार को पुलिस ने नियमित जांच के दौरान रुकने का इशारा किया। लेकिन जैसे ही वाहन रोका गया, कार में बैठे दोनों युवक घबरा गए। पुलिस को उनके हावभाव पर शक हुआ और कार की तलाशी ली गई। इस दौरान बैग में रखे दो रंगीन लिफाफों से चिट्टा बरामद हुआ। बरामद की गई खेप का कुल वजन 518 ग्राम पाया गया, जो हिमाचल प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है।पुलिस ने मौके पर ही आरोपितों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने लाया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी चंडीगढ़ से मादक पदार्थ लाकर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में थे।जिला पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं नशे का अवैध कारोबार दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।इस बड़ी बरामदगी से पुलिस ने जहां नशा माफिया को करारा झटका दिया है, वहीं क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है।