चंबा प्रवेश द्वार तून्नूहटी चेक पोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस यात्री से 96 ग्राम चरस बरामद


चंबा प्रवेश द्वार तून्नूहटी चेक पोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस यात्री से 96 ग्राम चरस बरामद

डलहौजी/चंबा, 30 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला चंबा के प्रवेश द्वार तून्नूहटी चेक पोस्ट पर पुलिस दल ने नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को नियमित चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की सनवाल से पठानकोट जा रही बस एचपी 38 एफ 6129 की तलाशी ली। इसी दौरान एक 52 वर्षीय यात्री पुलिस को देखकर घबरा गया और नजरें चुराने लगा। पुलिस की नजरें जब उस पर पड़ीं तो शक गहराया।

पुलिस दल ने जब व्यक्ति से उसका सामान दिखाने को कहा तो उसने बीमार होने का बहाना बनाया। हालांकि उसके हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह गहराने पर जब पुलिस ने सख्ती से जांच की तो उसके कब्जे से कुल 96 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके पर ही आरोपी को काबू में लेकर पुलिस थाना चुवाड़ी ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस मामले की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ छेड़ा गया यह अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्त कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।

डीएसपी ने जिला वासियों से भी अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने साफ कहा कि नशे की जड़ें समाप्त करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!