सिहुंता व कामला पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सिहुंता व कामला पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

भटीयात/ चुवाडी़, 30 चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)


प्रदेश सरकार के विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत भटियात विधानसभा क्षेत्र की सिहुंता और कामला पंचायतों में आर्यन कला मंच के कलाकारों ने जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और समाज को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचने का आह्वान किया।

कलाकारों ने बताया कि सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम पात्र लाभार्थियों को व्यवसाय शुरू करने और शिक्षा प्राप्त करने हेतु रियायती ब्याज दरों पर ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। इसके अतिरिक्त महर्षि वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना, स्वरोजगार योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, महिला समृद्धि योजना, सफाई कर्मचारियों हेतु ऋण सुविधाएं और शिक्षा ऋण योजना जैसी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विशेष रूप से समाज में फैल रहे चिट्टे और अन्य नशों के खतरे पर ध्यान आकर्षित किया गया। कलाकारों ने लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समुदाय को इस बुराई से बचाने का संकल्प लेने की अपील की।

इस अवसर पर सिहुंता पंचायत प्रधान अनिल कुमार और कामला पंचायत प्रधान अनुराधा ने भी लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

प्रचार अभियान के तहत आगामी 1 अक्टूबर को ककीरा और नैनीखड़ पंचायतों में भी इसी प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!