स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अन्तर्गत बहु विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू में आयोजित

चंबा, 30 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहू में आज एक बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर चंबा के विधायक नीरज नैय्यर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है।उन्होंने बताया कि सीएचसी साहू को राज्य सरकार ने आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में अधिसूचित किया है।
यहाँ छह विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टरों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जापान की जायका परियोजना के सहयोग से इस संस्थान को नवीनतम एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी। यह पहल क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक इस विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच कर रहा है। इसमें 15 से 49 वर्ष की महिलाओं का एचबी परीक्षण, प्रसवपूर्व जांच, यूनिवर्सल टीकाकरण, रक्तचाप और मधुमेह की जांच, साथ ही टीबी रोग की स्क्रीनिंग शामिल है।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर तक 88,628 महिलाओं की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 78,156 का एचबी, मधुमेह, रक्तचाप और टीबी परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान टीबी रोगियों को मानसिक सहायता देने हेतु 1,385 निक्षय मित्र पंजीकृत किए गए हैं।सीएचसी साहू में आयोजित इस बहु-विशेषज्ञ शिविर में 254 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। मरीजों की जांच स्त्री रोग, मेडिसिन, नाक-कान-गला और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की गई। शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना की।