हिमाचल में दो अक्तूबर से 24 घंटे ठप रहेंगी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं


हिमाचल में दो अक्तूबर से 24 घंटे ठप रहेंगी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं

हिमाचल प्रदेश में आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं से 24 घंटे तक वंचित रहना पड़ेगा। सीटू से संबद्ध 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की नीतियों के खिलाफ हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल दो अक्तूबर को रात आठ बजे शुरू होगी और तीन अक्तूबर रात आठ बजे तक जारी रहेगी। इस अवधि में प्रदेशभर की एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे। यूनियन ने आरोप लगाया है कि एनएचएम के अधीन कार्यरत कर्मचारियों के साथ लगातार शोषण हो रहा है। सीटू अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने बताया कि कर्मचारियों को सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा। वहीं 12 घंटे की ड्यूटी लेने के बावजूद ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता।

मेहरा ने कहा कि हाईकोर्ट, लेबर कोर्ट और श्रम कार्यालय के आदेशों के बावजूद कर्मचारियों के हक मारे जा रहे हैं। यूनियन नेताओं को प्रताड़ित किया जाता है या फिर स्थानांतरण के जरिए दबाव बनाया जाता है। ईपीएफ और ईएसआई के सही क्रियान्वयन में भी गंभीर खामियां हैं, जिससे कर्मचारियों का मूल वेतन प्रभावित हो रहा है और श्रम कानूनों का उल्लंघन साफ झलकता है।

यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता की जीवन रक्षक एंबुलेंस सेवाओं को बाधित करना उनका उद्देश्य नहीं है, लेकिन मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा है। कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएम लगातार अदालतों और श्रम कानूनों की अवहेलना कर रहा है, जिससे उनकी आजीविका संकट में है। अब सरकार की संवेदनशील पहल से ही समाधान संभव है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!