डलहौज़ी नागरिक अस्पताल में स्वच्छता अभियान, 100 किलो कचरा किया गया निस्तारित

डलहौज़ी/चम्बा, 01 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौज़ी अस्पताल परिसर में आज एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. सीमा अत्री ने किया। उनके साथ डॉ. देवेश शर्मा, डॉ. अनामिका ठाकुर, डॉ. प्रभप्रीत सिंह, वार्ड सिस्टर चंचल तथा नगर परिषद डलहौज़ी के स्वच्छता निरीक्षक अभिषेक मौजूद रहे।अभियान में अस्पताल की हिल्डाारी टीम, क्लास-4 कर्मचारी गौरव, मानो जी, विक्की तथा चपरासी महिंद्र जी और रेलमो जी ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

सभी के सामूहिक प्रयासों से अस्पताल परिसर में फैला हुआ लगभग 90 से 100 किलो कचरा एकत्रित कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया। इस दौरान न केवल अस्पताल परिसर की सफाई की गई, बल्कि आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने लोगों को यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और गंदगी फैलाने से बचें।अभियान के समापन पर डॉ. देवेश शर्मा ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य आपस में गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि हमारी रोज़मर्रा की आदत होनी चाहिए। जब हम सब मिलकर जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण संभव है।

”इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।