कांगड़ा जिले में ब्लैक स्पॉट्स को दुरुस्त करने के निर्देश, सड़क सुरक्षा पर जोर

धर्मशाला/कांगड़ा, 1 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सभी ब्लैक स्पॉट्स को सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को डीसी ऑफिस के एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार जिले में लगभग 200 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं। ये वे स्थान हैं, जहां अब तक दो या उससे अधिक लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है।
उपायुक्त ने बताया कि इन स्थलों की सूची तैयार कर उपमंडलाधिकारियों को भेजी जा रही है ताकि लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के सहयोग से इन्हें सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
बैठक में उन्होंने कहा कि जहां संपर्क मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा हाईवे से जुड़ते हैं, वहां सेंसर लगाने की व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना संभावित स्थानों पर बार मार्किंग करना भी अनिवार्य किया जाए।

हाईवे अथॉरिटी और लोक निर्माण विभाग को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सुबह और शाम के समय जिन मार्गों पर ओवरलोडिंग की समस्या है, वहां परिवहन विभाग निगरानी बढ़ाए और प्रभावी कार्रवाई करे। साथ ही सड़क हादसों में शामिल वाहनों के दस्तावेजों की पूरी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि दुर्घटनाओं के सही कारणों का आकलन किया जा सके।
इससे पहले क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) मनीष सोनी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए अब तक जिले में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में एडीएम शिल्पी बेक्टा, एसडीएम नगरोटा, एसडीएम धर्मशाला, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।