जिला मुख्यालय में महात्मा गांधी जयंती पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

जिला मुख्यालय में महात्मा गांधी जयंती पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

चंबा, 2 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय चंबा में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वर्तमान समय में जब समाज में अनेक कुरीतियाँ व्याप्त हैं, तब गांधी दर्शन और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं थे, बल्कि सामाजिक सुधार और मानवीय मूल्यों के संरक्षण पर भी केंद्रित थे।

उपायुक्त ने स्मरण दिलाया कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए भारत को स्वतंत्रता दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को गांधी जी के आदर्शों से निरंतर प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गांधी जी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण अंग माना।इससे पूर्व उपायुक्त ने सुल्तानपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत देवदार का पौधा रोपित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 के अंतर्गत सुल्तानपुर स्थित एक स्थल को पूरी तरह कचरा मुक्त किया गया है तथा वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि भविष्य में गंदगी न फैल सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि साफ किए गए क्षेत्र में कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, अर्थशास्त्री परियोजना विनोद कुमार, पार्षद सीमा कुमारी, उर्मिला जसरोटिया, खालिद मिर्ज़ा, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित नगर परिषद अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!