डलहौज़ी में गांधी और शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान का हुआ आयोजन

डलहौज़ी/चम्बा, 2 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर डलहौज़ी में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का आयोजन नगर परिषद डलहौज़ी और हिल्दारी डलहौज़ी द्वारा एयर फ़ोर्स स्टेशन मोती टिब्बा डलहौज़ी के सहयोग से किया गया।
सफाई अभियान पंचपुला रोड और जंद्रिघाट रोड पर चलाया गया, जिसमें विंग कमांडर विवेक के नेतृत्व में एयर फ़ोर्स स्टेशन के 50 जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अलावा हिमालयन नेचर क्लब एनजीओ के प्रतिनिधि कुनाल जोशी, एसडब्ल्यूएम ठेकेदार और उनके कार्यकर्ता, नगर परिषद के कर्मचारी तथा हिल्दारी डलहौज़ी टीम भी इस पहल में शामिल हुए। संयुक्त प्रयासों से लगभग 60 किलोग्राम कचरा एकत्र कर उचित निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर दोनों महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को स्मरण किया गया। महात्मा गांधी ने अपने जीवनकाल में सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को जीवन का आधार बताया और कहा कि “स्वच्छता ईश्वर के समीप है।” उनका स्वच्छ भारत का सपना आज भी समाज को प्रेरित करता है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री अपनी सादगी, ईमानदारी और अनुशासनप्रिय जीवनशैली के लिए प्रसिद्ध रहे। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” देश की सुरक्षा और स्थिरता का प्रतीक है।

एयर फ़ोर्स जवानों और सफाई कर्मियों की सहभागिता ने शास्त्री जी के संदेश को सार्थक रूप दिया कि सैनिक और किसान ही नहीं, बल्कि हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में समान रूप से जिम्मेदार है। वहीं, गांधी जी का स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत का सपना इस सामूहिक प्रयास से जीवंत हुआ।

यह आयोजन न केवल दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, बल्कि नागरिकों को भी यह संदेश दिया कि स्वच्छता और जिम्मेदारी का पालन ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।