जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका खेल प्रतियोगिता का बनीखेत में भव्य शुभारंभ

जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका खेल प्रतियोगिता का बनीखेत में भव्य शुभारंभ

डलहौजी/चम्बा, 6 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत, जिला चंबा में आज जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डलहौजी के एस.डी.पी.ओ. मयंक शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके पश्चात छात्राओं ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया और “खेलो भारत, बढ़ो भारत” के नारों से वातावरण गूंज उठा।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक विकास करते हैं बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलना।इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से लगभग 350 बालिकाएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो सहित कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रीतम चंद ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विद्यालय परिवार की ओर से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला ऑब्जर्वर श्री जोगिंदर सिंह, जिला खेल प्रभारी श्री अशोक कुमार, डी.पी. संघ जिला चंबा के प्रधान श्री योगेश शर्मा, खेल अधिकारी, विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, जिला के खेल ऑफिशल्स तथा अनेक अभिभावक भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें खेलों के क्षेत्र में अग्रसर करने का सशक्त माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!