नशे के खिलाफ अभियान में एएनटीएफ कांगड़ा की बड़ी सफलता, 431 ग्राम चरस बरामद

चंबा, 06 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ कांगड़ा पुलिस टीम को आज एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस दल की अगुवाई एसआई सुनील पटियाल कर रहे थे, जिनके साथ पुलिस दल के अन्य सदस्य शामिल थे। टीम एनएच-154ए भरमौर–चंबा मुख्य मार्ग पर गश्त पर थी।दोपहर जब पुलिस दल बग्गा के पास रूंगड़ी नाला के समीप पहुंचा, तो सड़क किनारे एक दुकान के बाहर दो व्यक्ति बेंच पर बैठे दिखाई दिए। पुलिस दल को देखते ही उनमें से एक व्यक्ति ने संदिग्ध रूप से एक पैकेट सड़क के एक ओर फेंक दिया। पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए दोनों व्यक्तियों को मौके पर रोका और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में फेंके गए पैकेट को बरामद किया।तलाशी के दौरान उस पैकेट से कुल 431 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ पुलिस थाना भरमौर में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।इस मामले की पुष्टि एएसपी नारकोटिक्स कांगड़ा राजेंद्र जसवाल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस नशे की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठा रही है तथा भविष्य में भी यह अभियान और मजबूती से जारी रहेगा।एएसपी जसवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें और अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि नशे की इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।