कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से किया सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से किया सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान हेतु योजनाओं की दी जानकारी


चम्बा, 6 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप लेच के कलाकारों ने आज विधानसभा क्षेत्र भरमौर के ब्रेही व मैहला में गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान हेतु चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाई।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम पात्र लाभार्थियों को व्यवसाय शुरू करने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए रियायती ब्याज दरों पर ऋण सुविधाएं प्रदान कर रहा है।

हिम स्वावलंबन योजना के तहत 2.50 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों को 8 प्रतिशत ब्याज दर पर 3 से 5 लाख रुपए तक ऋण उपलब्ध है, जिसमें 50 हजार रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसी तरह माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस योजना में 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 1.40 लाख रुपए तक का ऋण दिया जा रहा है। शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत 3 लाख रुपए तक की आय वाले अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 40 लाख रुपए तक ऋण सुविधा उपलब्ध है।

कलाकारों ने महर्षि वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना, स्वरोजगार योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, महिला समृद्धि योजना और सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष ऋण सुविधाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों से बचने का संदेश भी दिया गया।

प्रचार-प्रसार अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र चुराह में संतोष जागृति कला मंच लुडेरा द्वारा 8 अक्टूबर को चांजू और चरड़ा में तथा 9 अक्टूबर को कोटि और भलेई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!