जिला स्तरीय छात्रा वर्ग अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी रही मुख्यातिथि

डलहौजी/चम्बा, 8 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में आज जिला स्तरीय छात्रा वर्ग अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन, उच्च शिक्षा निदेशक विकास महाजन और उपशिक्षा अधिकारी उमाकांत एवं सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बच्चों ने पुष्प वर्षा कर और एनसीसी कैडेट्स ने उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत खेलकूद आयोजन समिति ने आशा कुमारी को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्यों का स्वागत करते हुए विद्यालय के इतिहास और उपलब्धियों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि विद्यालय लगातार शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।अपने संबोधन में आशा कुमारी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने चंबा की “उड़न परी” सीमा का उदाहरण देते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने राजा वीरभद्र सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि चंबा में उच्च शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके कार्यकाल में लगभग 80 प्रतिशत स्कूलों को अपग्रेड किया गया, जिससे जिला आज शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है।

पूर्व मंत्री ने इस बात पर खेद जताया कि अब तक जिला चंबा से कोई भी विद्यार्थी सीधे आईएएस अधिकारी नहीं बना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ईमानदारी और निरंतर परिश्रम से यह सपना भी जल्द साकार होगा।प्रतियोगिता में जिला के पांच ब्लॉकों के अंतर्गत 37 विद्यालयों की 371 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया।

शतरंज, बॉक्सिंग, कबड्डी, योग, कुश्ती, कराटे, कुराष, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया गया। ये खिलाड़ी आने वाले दिनों में जिला चंबा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
