जिला चंबा में “Drug Free Chamba Campaign” का शुभारंभ, युवाओं को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश

चंबा, 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस चंबा के संयुक्त तत्वावधान में आज “Drug Free Chamba Campaign” का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज में नशामुक्त वातावरण का निर्माण करना है।कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (ब्वॉयज) चंबा में किया गया, जिसमें मुख्य रूप से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हितेश लखनपाल, उप शिक्षा निदेशक (स्कूल-सेकंडरी) श्री विकास महाजन तथा चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल कॉलेज चंबा, श्री करन हितेशी ने छात्रों को संबोधित किया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हितेश लखनपाल ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

विकास महाजन ने छात्रों को शिक्षा के माध्यम से जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और नशे से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं, श्री करन हितेशी ने चिकित्सा दृष्टिकोण से नशे के शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने “नशा मुक्त चंबा – स्वस्थ चंबा” का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि यह अभियान जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके।