विश्व दृष्टि दिवस पर मेडिकल कॉलेज चंबा में “अपनी आंखों से प्यार करें” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चंबा, 10 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर आज पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा के नेत्र विभाग की ओपीडी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और निवारण योग्य दृष्टि दोषों की रोकथाम के लिए प्रेरित करना रहा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा ने बताया कि वर्ष 2025 के लिए विश्व दृष्टि दिवस की थीम “अपनी आंखों से प्यार करें” (Love Your Eyes) निर्धारित की गई है। यह थीम सभी उम्र के लोगों को अपनी आंखों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और नियमित नेत्र परीक्षण करवाने के लिए प्रोत्साहित करती है।इस अवसर पर नेत्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य कश्यप ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि विश्व दृष्टि दिवस हर वर्ष 10 अक्तूबर को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस अंधेपन (Blindness) और दृष्टि हानि (Vision Impairment) जैसे बढ़ते वैश्विक स्वास्थ्य मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। इसके साथ ही, यह लोगों को आंखों की देखभाल, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।डॉ. कश्यप ने यह भी बताया कि विश्व दृष्टि दिवस की शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी, और इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) तथा इंटरनेशनल एजेंसी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ ब्लाइंडनेस (IAPB) द्वारा “विज़न 2020: द राइट टू साइट” पहल के अंतर्गत मनाया जाता है।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी तथा जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी सी. आर. ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों से आंखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर नेत्र जांच करवाने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने आंखों की सुरक्षा और स्वच्छता को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।