कोटि और भलेई में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रमों में दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, नशा मुक्ति का दिया संदेश

कोटि और भलेई में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रमों में दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, नशा मुक्ति का दिया संदेश

चंबा, 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रदेश सरकार के विशेष प्रचार अभियान के तहत संतोष जागृति कला मंच लुडेरा के कलाकारों ने कोटि और भलेई में जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देना और नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरल व मनोरंजक ढंग से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।

इन योजनाओं में उच्च लागत सावधि ऋण योजना के तहत हिमाचल के स्थायी निवासी अनुसूचित जाति वर्ग के वे व्यक्ति, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपए तक है, उन्हें आठ प्रतिशत ब्याज दर पर 50 लाख रुपए तक का ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। हिम स्वावलंबन योजना के अंतर्गत दो लाख पचास हजार रुपए तक की वार्षिक आय वाले व्यक्तियों को तीन से पांच लाख रुपए तक का ऋण आठ प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध है, जिसमें पचास हजार रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसी प्रकार माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस योजना में छह दशमलव पांच प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख चालीस हजार रुपए तक का ऋण तथा शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत 40 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और रोजगार की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कलाकारों के संदेशों की सराहना करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!