भटियात के सिहुंता के लाल IPS लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन, भारत और हिमाचल के लिए गौरव का क्षण

भटियात के सिहुंता के लाल IPS लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन, भारत और हिमाचल के लिए गौरव का क्षण

भटीयात /चुवाडी़ 12 अक्टूबर बबलू पठानिया

भटियात उपमंडल के सिहुंता क्षेत्र से संबंध रखने वाले और वर्तमान में उत्तराखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह जरयाल ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी के पद पर कार्यरत श्री लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से सम्बद्ध एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन एक कठिन और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के तहत किया गया, जिसमें विश्वभर के कई देशों के अधिकारी शामिल थे।2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखंड पुलिस में विभिन्न पदों पर उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में अपनी दक्षता, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे पौड़ी जिले की पुलिस व्यवस्था का सफल नेतृत्व कर रहे हैं।संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयनित होने के बाद श्री लोकेश्वर सिंह अब शांति स्थापना (Peacebuilding), संस्थागत अखंडता (Institutional Integrity) और सतत विकास (Sustainable Development) जैसे वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। यह जिम्मेदारी न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत और उत्तराखंड दोनों के लिए गौरव का विषय है। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका और प्रभाव और अधिक सशक्त होगा।सूत्रों के अनुसार, श्री लोकेश्वर सिंह जल्द ही अपनी नियुक्ति से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को अनुमोदन हेतु आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदन प्राप्त होने के बाद वे उत्तराखंड कैडर से कार्यमुक्त होकर अपनी नई अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी संभालेंगे।उनके इस चयन से भटियात क्षेत्र सहित पूरे हिमाचल और उत्तराखंड में खुशी की लहर है। लोगों ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि लोकेश्वर सिंह ने यह साबित किया है कि समर्पण, ईमानदारी और कड़ी मेहनत से विश्व स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!