बनीखेत में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित

डलहौजी/चम्बा, 12 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई बनीखेत की ओर से आज राजीव गांधी पॉलिटेक्निक कॉलेज बनीखेत में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों — सत्य साईं स्कूल, बी.पी.एस., लिटल एंजल्स पब्लिक स्कूल और गवर्नमेंट उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन युवाओं में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से किया गया था।

इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, और ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को न केवल बौद्धिक रूप से समृद्ध करती हैं, बल्कि उनमें देशभक्ति, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास की भावना को भी प्रबल करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रही है और भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पूरे प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को ₹31,000, द्वितीय स्थान पर ₹21,000, तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले को ₹15,000 का इनाम दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को ₹11,000-₹11,000 की राशि प्रदान की जाएगी।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹10,000, द्वितीय को ₹7,000, तृतीय को ₹5,000, जबकि चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को ₹1,100-₹1,100 की राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता के समापन उपरांत स्कूल स्तर पर भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।