अंबेडकर भवन सुलतानपुर में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण

चंबा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल आज अशोक धम्म विजयदशमी एवं धम्मचक्र परिवर्तन दिवस के अवसर पर विद्या महेश चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान तथा शेड्यूल कास्ट वेलफेयर एसोसिएशन चंबा के सौजन्य से अंबेडकर भवन सुलतानपुर में आयोजित विचार धम्म गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण भी किया।अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों को सर्वोच्च स्थान दिया।

उन्होंने एक ऐसे समाज की परिकल्पना की जिसमें प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, सम्मान और उन्नति के समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित लोगों में साक्षरता दर बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सामाजिक संगठनों से इस दिशा में सक्रिय योगदान का आह्वान किया।रेपसवाल ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है।

उन्होंने सभी से डॉ. अंबेडकर के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का आग्रह किया।इस अवसर पर उपायुक्त को संस्था की ओर से शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय केशव राम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
