‘समर्थ–2025’ अभियान के तहत कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुतियों से दिया सुरक्षित निर्माण का संदेश

चंबा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के ‘समर्थ–2025’ अभियान के तहत आपदा जागरूकता गतिविधियों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सूचना एवं जन संपर्क विभाग से संबद्ध निजी नाट्य दलों द्वारा चंबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित निर्माण और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।मां सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप लेच के कलाकारों ने सलूणी और मंजीर में तथा प्रिया म्यूजिकल ग्रुप जडेरा के कलाकारों ने ककीरा और बकलोह में प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां देकर “जागरूक समुदाय, सुरक्षित समुदाय” का संदेश दिया।

कलाकारों ने भूकंपरोधी निर्माण तकनीकों पर आधारित नाटकों के माध्यम से बताया कि यदि भवन निर्माण के दौरान सही तकनीक और मानक अपनाए जाएं तो आपदा के समय जान-माल के नुकसान को काफी हद तक टाला जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भवन निर्माण से पूर्व भूमि चयन के मानदंड, नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उत्तम गुणवत्ता के निर्माण सामग्री के उपयोग, क्षैतिज भूकंपरोधी बैंड लगाने, दीवारों और पिलरों को सुदृढ़ करने तथा नींव निर्माण में सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को यह भी सलाह दी कि किसी भी भवन का निर्माण करने से पहले योग्य इंजीनियर या तकनीकी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें, ताकि भवन सुरक्षित और स्थायी हो सके।

कलाकारों ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता और जानकारी के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा। ‘समर्थ–2025’ अभियान के तहत 15 अक्तूबर को डलहौजी, बनीखेत, हटली, सिहुंता, खाज्जियार और मंगला में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
