कला उत्सव , शिक्षा में सृजनात्मकता और संस्कृति का संगम ,उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल

चंबा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा में दो दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव का सफल समापन हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत की गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।उपायुक्त ने कहा कि कला उत्सव शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सौंदर्यबोध और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों की छिपी हुई कलात्मक प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की समृद्ध विविधता को भी संरक्षित करता है।उन्होंने बताया कि कला उत्सव हर वर्ष जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाता है, जिसमें कला प्रदर्शनियों, नाट्य मंचन, संगीत, नृत्य और पारंपरिक कला रूपों के माध्यम से विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान किया जाता है।इस बार जिला के 14 शैक्षणिक खंडों से कुल 230 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में 12 विभिन्न कलात्मक गतिविधियां जैसे विजुअल आर्ट (2D व 3D), ट्रेडिशनल स्टोरी टेलिंग, वोकल सोलो, ग्रुप सॉन्ग, थिएटर और लोक नृत्य शामिल रहीं। परिणामस्वरूप—ट्रेडिशनल स्टोरी टेलिंग में शिक्षा खंड चौहाड़ी, टू-डी आर्ट में भरमौर, थ्री-डी आर्ट में कलहेल, लोकल क्राफ्ट में भरमौर, ग्रुप सॉन्ग (लोक) में भरमौर तथा ग्रुप डांस में बनीखेत विजेता रहे।कार्यक्रम में उप निदेशक (क्वालिटी) भाग सिंह, ओएसडी उमा कांत आनंद, विद्यालय प्रधानाचार्य दीपक कुमार, समन्वयक डॉ. राशि जांद्रोत्रा, रोहित शर्मा तथा विभिन्न शैक्षणिक खंडों से आए अध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए नवाचार, संस्कृति और सृजनशीलता का सशक्त मंच सिद्ध हुआ।
