हिमाचल सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को दी बड़ी सौगात , 3% महंगाई भत्ते की अधिसूचना जारी

शिमला, 15 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनर्स के लिए खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की अधिसूचना जारी कर दी है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिलेगी।मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार अपने कर्मयोगियों को केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि परिवार का अभिन्न अंग मानती है। उन्होंने कहा, “सभी कर्मयोगी मेरे लिए केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं, आप हमारा परिवार हैं। आपके परिश्रम और सेवा-भाव ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत आधार दिया है और आपकी खुशहाली हमारी प्राथमिकता है।”मुख्यमंत्री ने बताया कि यह वृद्धि केंद्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई भत्ते के अनुरूप की गई है, ताकि प्रदेश के कर्मचारियों को समान लाभ प्राप्त हो सके। इस निर्णय से राज्य सरकार पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में इसे प्राथमिकता दी गई है।राज्य सरकार का कहना है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स का योगदान प्रदेश की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल और अधिक बढ़ेगा तथा वे राज्य के विकास में और जोश के साथ कार्य करेंगे।सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित महंगाई भत्ता शीघ्र प्रभाव से वेतन एवं पेंशन में जोड़ा जाए ताकि लाभार्थियों को आगामी माह से इसका लाभ मिल सके।