कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी आपदा सुरक्षा की सीख

चम्बा, 15 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ संबद्ध नाट्य दलों ने मंगलवार को जिला चम्बा के विभिन्न क्षेत्रों — हटली, सिहुंता, खाज्जियार और मंगला — में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत प्रस्तुत कर लोगों को आपदाओं से सुरक्षा हेतु आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक किया। कलाकारों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से जनता को प्राकृतिक आपदाओं के समय सजग, सतर्क और तैयार रहने का संदेश दिया।नाट्य दल के कलाकारों ने सबसे पहले भूकंप से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि झटके महसूस होने पर घबराएं नहीं और हड़बड़ी से बचें। यदि घर के अंदर हैं तो खिड़कियों, शीशों और भारी वस्तुओं से दूर रहें, वहीं बाहर हों तो इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों व तारों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने भूकंप के दौरान और उसके उपरांत बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी।

इसके साथ ही कलाकारों ने अग्निकांड से बचाव पर भी लोगों को सचेत किया। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी लापरवाहियों से लगी आग कभी-कभी भीषण रूप ले लेती है, जिससे भारी जान-माल की हानि होती है। नाट्य दलों ने आग से बचने के उपायों और सतर्कता अपनाने के महत्व को विस्तार से समझाया।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भूस्खलन के कारणों और उससे बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी।

उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि व भूगर्भीय हलचलों से ढलानों पर मिट्टी और चट्टानों के खिसकने से भूस्खलन होता है, जिससे विकास कार्यों और जनजीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। लोगों को हमेशा सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई।अंत में नाट्य दलों ने लोगों को यह भी अवगत करवाया कि आपातकालीन स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
