पांगी में मंत्री जगत सिंह नेगी ने ली परियोजना सलाहकार समिति की बैठक, विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश

चम्बा, 16 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज पांगी उपमंडल के किलाड़ में आयोजित परियोजना सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में स्थानीय विधायक एवं समिति के उपाध्यक्ष डॉ. जनक राज, विभागीय अधिकारी तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
मंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आवंटित बजट का उपयोग निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ शीघ्र जनता तक पहुंचे। कृषि विभाग के तहत सोलर फेसिंग परियोजना पर 25 लाख रुपये व्यय कर 15 किसानों को लाभान्वित किया गया है, जबकि धरती आभा कार्यक्रम के तहत अब तक 18 जागरूकता शिविर आयोजित हो चुके हैं।

राजस्व मंत्री ने आयुर्वेद विभाग को निर्देश दिए कि जहां चिकित्सक या फार्मासिस्ट अनुपस्थित हैं, वहां कम से कम एक स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की जाए। वहीं बागवानी विभाग को कृषि व वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बैरियर लगाने व उत्पादन आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत कार्य की मांग करने वाले हर व्यक्ति को नियमानुसार रोजगार दिया जाए और पंचायत भवन निर्माण में देरी करने वाले ठेकेदारों के ठेके रद्द किए जाएं।
मंत्री ने जल शक्ति विभाग को मिंधल माता मंदिर की जलापूर्ति योजना शीघ्र आरंभ करने तथा लोक निर्माण विभाग को दो वर्ष से अधिक लंबित कार्यों के ठेके निरस्त करने के आदेश दिए।

उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पुर्थी में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए और लाडा फंड के तहत एक एंबुलेंस स्वीकृत करने व अग्निशमन विभाग को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मंजूरी दी।
बैठक की कार्यवाही का संचालन एसडीएम एवं परियोजना अधिकारी रमन घरसंगी ने किया और सभी विभागों को दिए निर्देशों के पालन का आश्वासन दिया।
