नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को दी आपदा न्यूनीकरण की जानकारी

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को दी आपदा न्यूनीकरण की जानकारी

चम्बा, 17 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

‘समर्थ–2025’ अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से जिला में विभिन्न स्थलों पर आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन ने भरमौर चौरासी और खड़ामुख में, चम्बा रंग दर्शन समूह चम्बा पक्काटाला ने भलेई और ब्रंगाल में तथा जागृति कला मंच के कलाकारों ने बाथरी और द्रड्डा में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत प्रस्तुत कर लोगों को आपदा न्यूनीकरण के प्रति जागरूक किया।कलाकारों ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से संदेश दिया कि भवन निर्माण या अन्य किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करते समय आपदा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने आस-पास के जोखिमों की पहचान कर सतर्क रहना चाहिए।नाटकों के माध्यम से बताया गया कि भूकंप या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय जीवन की सुरक्षा के लिए भवनों का निर्माण इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप होना चाहिए। साथ ही, लोगों से आग्रह किया गया कि भवन निर्माण से पूर्व योग्य अभियंता से परामर्श अवश्य लें। कलाकारों ने यह भी सलाह दी कि प्रत्येक परिवार को एक आपातकालीन किट तैयार रखनी चाहिए, जिसमें दवाएं, सूखा भोजन, टॉर्च, पानी और आवश्यक सामग्री शामिल हो, ताकि संकट की स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।लोगों को जानकारी दी गई कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता और सूचना के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा 1 से 31 अक्तूबर तक चलाया जा रहा “समर्थ–2025” अभियान आपदा प्रबंधन और न्यूनीकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!