शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया देवरी खनेटी पंचायत घर का लोकार्पण

शिमला, 23 अक्तूबर, चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई उपमंडल की ग्राम पंचायत देवरी खनेटी में नवनिर्मित पंचायत घर का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण 14 लाख 80 हजार रुपये की लागत से किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नया पंचायत भवन स्थानीय प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने भवन के फर्नीचर के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में बीते तीन वर्षों के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति दी गई है। उन्होंने बताया कि देवरी-खनेटी की अलांवग-नक्सेटली-रेयोघाटी वाया कांगी नाला सड़क की पासिंग हो चुकी है, जिसका निर्माण 2.92 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। साथ ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी खनेटी का भवन 30 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण चल रहा है, जिनमें 1.82 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा देवरी खनेटी पीएचसी भी शामिल है। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र सेब उत्पादन का प्रमुख केंद्र है और सड़कों का विस्तार बागवानों की आजीविका से जुड़ा हुआ है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण पर व्यय किए जा रहे हैं, जिससे अब तक 141 नई सड़कों की पासिंग हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान हुए नुकसान से लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की क्षति केवल सड़कों को हुई, जिसके पुनर्निर्माण कार्य आरंभ कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जुब्बल विद्युत मंडल के अंतर्गत 55 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, एसडीएम गुरमीत नेगी, बीडीओ करण सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।