चंबा मेडिकल कॉलेज के बाहर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी

चंबा मेडिकल कॉलेज के बाहर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी

चम्बा 24 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा में मेडिकल कॉलेज के बाहर चाय पी रहे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। घायल युवक की पहचान तरुण कुमार निवासी मोहल्ला ओबड़ी के रूप में हुई है। उसकी गर्दन पर आरोपित ने चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

तरुण कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने भाई करण कुमार के साथ अपने बीमार पिता भवन कुमार के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा आया था। इलाज के दौरान दोनों भाई थोड़ी देर के लिए बाहर चाय पीने निकले थे। इसी दौरान आरोपित सुमित वहां आया और बिना किसी विवाद के अचानक तरुण की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी सुमित मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद करण कुमार और उनके दोस्त विनय कुमार ने घायल तरुण को मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर चंबा की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि घायल की शिकायत के आधार पर आरोपित सुमित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!