ग्राम पंचायत सरोल में 40 लाख की लागत से बने पंचायत भवन का सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज व विधायक नीरज नैय्यर ने किया संयुक्त लोकार्पण

चम्बा, 24 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत सरोल में 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन के धरातल तल का लोकार्पण शुक्रवार को लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक नीरज नैय्यर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. जनकराज और डीएस ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि यह आयोजन राजनीति और जनसेवा के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने पंचायत भवन के निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग का शानदार नमूना है। सांसद ने ग्राम पंचायत को भवन के आगे के कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी भवन निर्माण के लिए 7 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई थी।विधायक नीरज नैय्यर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 4 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवा रही है, जिसके लिए 5 बीघा भूमि का होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सरोल, राजपुर और हरिपुर में लोगों की सुविधा हेतु मल निकासी योजना के तहत 20 करोड़ 22 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।विधायक ने ग्राम पंचायत सरोल के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पंचायत विकास का नया मानक स्थापित कर रही है।

उन्होंने पंचायत भवन के लोकार्पण पर स्थानीय पंचायत वासियों को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर एडीएम अमित मैहरा, जिला विकास अधिकारी तिवेंद्र चिनोरिया, बीडीओ महेश चंद ठाकुर, सहायक अभियंता अजय कुमार, जिला परिषद सदस्य सीमा नारियल, मनोज कुमार, प्रधान विजय कुमारी, उपप्रधान धीरज नरयाल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
