भटियात के दूरस्थ गांव रखेड़ को मिलेगी सड़क सुविधा :- विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/ चुवाडी़, 25 अक्तूबर बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाडू के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रदेश के 100 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिससे हिमाचल के विद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा मानकों के अनुरूप बनेंगे।

उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर बताया।भटियात क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के सबसे दूरस्थ गांव रखेड़ को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। लगभग 9 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के लिए वन अनुमति (एफसीए) की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि चक्की गांव को सड़क से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।पठानिया ने कहा कि भटियात में विद्युत, सिंचाई, पेयजल व स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

उन्होंने झाजड़ी-लोहनी-बिहाली संपर्क मार्ग को चुवाड़ी सड़क से जोड़ने तथा कैथली-विलासपुर व जल्दा-जोत मार्ग के सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।विद्यालय प्रबंधन समिति की मांग पर उन्होंने विद्यालय भवन निर्माण का आश्वासन दिया और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए वरिष्ठ वर्ग को 21 हजार व कनिष्ठ वर्ग को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित रहे।
