प्रदेश में नवंबर माह से बिछेगा 1500 किलोमीटर सड़कों का जाल :- विक्रमादित्य सिंह

प्रदेश में नवंबर माह से बिछेगा 1500 किलोमीटर सड़कों का जाल :- विक्रमादित्य सिंह

शिमला, 26 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण के तहत पाहल पंचायत में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से अब तक 4500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है। यह सहायता लोक निर्माण और शहरी विकास विभागों को दी गई है।उन्होंने बताया कि नवंबर माह में 1500 किलोमीटर लंबी नई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिलने जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की सैकड़ों सड़कों का निर्माण होगा और प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ पहुंचेगा।

मंत्री ने कहा कि पाहल पंचायत में पिछले ढाई वर्षों में 22 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूरे किए जा रहे हैं। साथ ही बमौत लिंक मार्ग और चेवला-टबोग सड़क के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत किया जाएगा।मंत्री ने पंचायत को विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये, स्कूल में रसोई घर व शौचालय मरम्मत के लिए 1.5 लाख रुपये, तथा छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने नेहवट घैणी-देवीदार सड़क, नयासेर खड्ड पर पुल निर्माण, और पाहल-बैला घाट-कोटला संपर्क मार्ग का 13 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय बमौत के परीक्षा केंद्र और कायना स्कूल की साइंस लैब का लोकार्पण किया।उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत लगभग 22 लाख रुपये की लागत से बनी यह लैब फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में हो रहे सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के 100 स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड लागू किया जा रहा है और स्कूलों का युक्तिकरण विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप किया जा रहा है।मंच पर उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी विकास कार्यों को लेकर मंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!