दिसंबर में हिमाचल में होंगी तीन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं :- शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर

दिसंबर में हिमाचल में होंगी तीन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं :- शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर

शिमला, 26 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दिसंबर माह में तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन प्रतियोगिताओं में देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें अंडर-14 वॉलीबॉल, तथा अंडर-19 हैंडबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।शिक्षा मंत्री शनिवार को अपने गृह क्षेत्र जुब्बल में आयोजित राज्य स्तरीय छात्राओं की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने पहुंचे।

यह प्रतियोगिता “ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल” में आयोजित की जा रही है, जिसमें 12 जिलों और एक खेल छात्रावास की कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी स्पर्धाएं शामिल हैं।अपने संबोधन में रोहित ठाकुर ने कहा कि छात्र जीवन में खेलों का अत्यंत महत्व है। खेलों से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने बताया कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 220 रुपये कर चुकी है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें जुब्बल स्थित छात्रावास सबसे बड़ा है। इस छात्रावास की स्थापना 1987 में हुई थी, जहां अब वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

हाल ही में 2.27 करोड़ रुपये की लागत से इसका नया भवन तैयार हुआ है। साथ ही विद्यालय के साइंस ब्लॉक का निर्माण 2.47 करोड़ रुपये से किया गया है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि आईटीआई जुब्बल का नया भवन नवंबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा और डकैढ़ गांव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण किया जा रहा है।इस अवसर पर निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!