सलूणी–तेलका मार्ग पर दर्दनाक हादसा दो की मौत, बच्चा गंभीर रूप से घायल

सलूणी/चम्बा, 28 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे सलूणी–तेलका सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आली मोड़ के समीप उस समय हुआ जब एक टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन करीब 200 मीटर नीचे बंजाल गांव के पास जाकर रुका। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सड़क तक पहुंचाया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुँची और सभी घायलों को नागरिक अस्पताल सलूणी पहुंचाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो यात्रियों — विशाल पुत्र चमारू, गांव बंजाल और निशा देवी पत्नी अमर सिंह, गांव खलोड़ी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो वर्षीय बच्चा प्रयुक्षु पुत्र अमर सिंह, गांव खलोड़ी को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते उन्होंने प्रशासन से चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।