जिले में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश उपायुक्त ने ली समीक्षा बैठक

चम्बा, 29 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिले में दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में 4जी एवं 5जी सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई तथा दूरदराज क्षेत्रों में बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा 4जी संतृप्ति परियोजना के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे मोबाइल टावरों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने को कहा ताकि जिले के दुर्गम क्षेत्रों में भी शीघ्र दूरसंचार सुविधाएं सुलभ हो सकें। बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रस्तावित 114 मोबाइल टावरों में से 18 कार्यशील हो चुके हैं, 70 टावर स्थापित कर लिए गए हैं जिनकी टेस्टिंग जारी है, जबकि 20 टावरों पर कार्य प्रगति पर है।उपायुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के चलते कई स्थानों पर ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) टूटने से सेवाएं बाधित हुईं। उन्होंने दूरसंचार कंपनियों को वैकल्पिक उपाय अपनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में नेटवर्क बाधित न हो। उपायुक्त ने सुझाव दिया कि केवल ओएफसी पर निर्भर न रहकर 2जी माइक्रोवेव एवं सैटेलाइट लिंक तकनीकें भी स्थापित की जाएं।इसके साथ ही उन्होंने पावर ग्रिड इंडिया के ट्रांसमिशन संसाधनों के माध्यम से ओएफसी को ले जाने का सुझाव दिया ताकि भूस्खलन जैसी परिस्थितियों में केबल सुरक्षित रह सके। बैठक में भारत नेट योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई और शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपमंडलाधिकारी चम्बा प्रयांशु खाती, बीएसएनएल, जियो, एयरटेल एवं भारत नेट के अधिकारी उपस्थित रहे।