चुराह में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी फरार , पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू

चुराह में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी फरार , पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू

तीसा/ चुराह , 29 अक्तूबर दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक ग्राम पंचायत में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत दर्ज करवाई है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने 27 अक्तूबर की रात को उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया।

एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है, जिसकी रिपोर्ट पुलिस जांच में शामिल की जा रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। टीम लगातार छापेमारी कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को हिरासत में लिया जा सके।एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समाज से अपील की कि अगर किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!