घेरा से करेरी तक एचआरटीसी बस में सवार होकर पहुंचे उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया
ग्रामीणों से किया वायदा निभाया, क्षतिग्रस्त सड़क के शीघ्र सुधार के दिए निर्देश

कांगड़ा , 30 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए आज घेरा से करेरी तक हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में सफर किया। उन्होंने यह यात्रा ग्रामीणों से किए गए वायदे को पूरा करने के उद्देश्य से की।विगत दिनों धारकण्डी क्षेत्र के ग्रामीणों ने करेरी मार्ग पर बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने सड़क की खराब स्थिति का हवाला देते हुए बस संचालन को असंभव बताया था। इस पर विधायक पठानिया ने स्वयं मौके पर स्थिति का जायजा लेने का निर्णय लिया।विधायक पठानिया एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन, एचआरटीसी आरएम साहिल कपूर, विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बस में सवार होकर घेरा से करेरी मार्ग पर पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने रास्ते में क्षतिग्रस्त स्थानों का निरीक्षण किया और करेरी से लगभग 500 मीटर पहले तक बस को लेकर गए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि करेरी से आगे क्षतिग्रस्त सड़क का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि बस सेवा नियमित रूप से करेरी तक बहाल की जा सके। साथ ही उन्होंने मार्ग पर छोटी बस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे ग्रामीणों को सुचारू परिवहन सुविधा मिल सके।विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उन्होंने ग्रामीणों से जो वायदा किया था, वह अब लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर हिस्से में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।