विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

चम्बा, 30 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता ध्वज फहराकर खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से 570 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों का विशेष महत्व होता है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत कर व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि जिला चंबा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल-संस्कृति और प्रतिभा संवर्धन को विशेष प्राथमिकता दे रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल किया है, जो सरकार के दूरदर्शी निर्णयों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध करने का निर्णय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 करोड़, रजत विजेताओं को 3 करोड़, और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की डाइट मनी भी 240 से बढ़ाकर 400 रुपये कर दी गई है।विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या-चंबा की छात्राओं ने आकर्षक लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिस पर प्रभावित होकर उन्होंने विद्यालय को अपनी एच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष को हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!