सलूणी में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि

सलूणी में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि

सलूणी/चम्बा, 31 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नदृष्टा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रतीक, भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष पर आज सलूणी में “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम बड़े उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया गया।इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना को जागृत करना तथा सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

‘रन फॉर यूनिटी’ सुबह के समय सलूणी बाजार से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अध्यापकों, पुलिस कर्मियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए एकता, सद्भावना और राष्ट्र की अखंडता का संदेश दिया।वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दूरदृष्टिपूर्ण नेतृत्व और अदम्य साहस से भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। रियासतों के विलय से लेकर प्रशासनिक एकता तक, उनके योगदान ने देश की नींव को मजबूत बनाया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को ‘राष्ट्रीय एकता की शपथ’ दिलाई गई और सभी ने संकल्प लिया कि वे देश की अखंडता, भाईचारे और सद्भावना को सशक्त बनाएंगे।यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ। सलूणी में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ ने युवाओं और नागरिकों के मन में सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति सम्मान और राष्ट्र की एकता के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!