तुन्नूहट्टी चेकपोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब की खेप सहित दो युवक काबू

डलहौजी/चम्बा, 31 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। भरमौर–पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग एनएच-154ए पर स्थित तुन्नूहट्टी पुलिस चेकपोस्ट पर प्रभारी विवेक की अगुवाई में पुलिस दल ने नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की टैक्सी एचपी 01सी–2044 से पंजाब से लाई जा रही नौ पेटीयां ऊना नंबर वन देसी अवैध शराब की खेप बरामद की है।पुलिस ने मौके पर कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान 29 वर्षीय आतिश कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव सुदली, तहसील डलहौजी, जिला चंबा और 18 वर्षीय अतुल पुत्र सुभाष चंद्र निवासी सुदली, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक यह शराब की खेप पंजाब की तरफ से लेकर क्षेत्र में सप्लाई हेतु ला रहे थे।पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब की मात्रा और स्रोत की पुष्टि के लिए जांच जारी है।डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और पुलिस की मुस्तैदी के चलते नशे के कारोबारियों पर प्रभावी नकेल कसी जा रही है।उन्होंने यह भी बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और सख्ती से जारी रखा जाएगा ताकि समाज में नशे की प्रवृत्ति पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और युवाओं को इस बुराई से दूर रखा जा सके।