बनीखेत में ऑनलाइन नशे की खेप मंगवाने वाला युवक 100 प्रेगाबालिन कैप्सूल सहित काबू

ऑनलाइन नशे की खेप मंगवाने वाला युवक 100 प्रेगाबालिन कैप्सूल सहित काबू

डलहौजी/चंबा, 31 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला चंबा के औषधि नियंत्रण विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। औषधि नियंत्रण विभाग चंबा तथा गुप्तचर विभाग डलहौजी की संयुक्त टीम ने बनीखेत के बैकुंठ नगर क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को 100 नशीले प्रेगाबालिन कैप्सूल सहित काबू किया ।प्रभारी औषधि नियंत्रण विभाग चंबा लवली ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बनीखेत क्षेत्र में ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित नशीली दवाएं मंगवाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर विभाग ने गुप्तचर विभाग डलहौजी और पुलिस चौकी बनीखेत के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की। इसी दौरान जब डिलीवरी एजेंसी से प्रतिबंधित दवाओं का पैकेट लेने के लिए युवक पहुंचा तो उसे रंगे हाथों धर दबोचा गया।गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय चंदन पुत्र रंजीत सिंह निवासी राजनगर, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह दवाएं ऑनलाइन माध्यम से मंगवाई थीं। बरामद कैप्सूलों के संबंध में कोई बिल या चिकित्सीय पर्ची प्रस्तुत नहीं की जा सकी।औषधि निरीक्षक लवली ठाकुर ने बताया कि डिलीवरी कूरियर सेवा कंपनी को नोटिस जारी किया गया है, ताकि यह जानकारी प्राप्त की जा सके कि यह पार्सल चंदन को किस व्यक्ति द्वारा भेजा गया था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।गौरतलब है कि आरोपी चंदन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाया जा चुका है, जिसके चलते इसी वर्ष उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था। विभाग ने चेताया है कि नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण विभाग की प्रभारी लवली ठाकुर के साथ पुलिस चौकी दल बनीखेत और सीआईडी डलहौजी यूनिट की टीम ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!